सकारात्मक सोच और सामाजिक चेतना का मंच है साईं सृजन पटल। हर्षमणि रतूड़ी
डोईवाला देहरादून (राजेंद्र वर्मा):
सामाजिक सरोकारों, साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और जनचेतना को समर्पित मासिक पत्रिका साईं सृजन पटल के 25वें अंक का विमोचन पूर्व उप महाधिवक्ता हर्षमणि रतूड़ी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रिका के निरंतर प्रकाशन और समाजोपयोगी विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि साहित्य और पत्रकारिता समाज को सकारात्मक दिशा देने के सशक्त माध्यम हैं।
रतूड़ी ने कहा कि आज के दौर में ऐसी साहित्यिक एवं सामाजिक पत्रिकाओं की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है, जो समाज के सकारात्मक पक्षों, लोक-संस्कृति, शिक्षा, पर्यावरण तथा जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ पाठकों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि साईं सृजन पटल अपने नाम के अनुरूप रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को एक मंच प्रदान कर रहा है। पत्रिका का 25वें अंक तक पहुंचना उसके संपादकीय संकल्प, पाठकों के विश्वास और सभी रचनाकारों के सहयोग का प्रमाण है। उन्होंने पत्रिका परिवार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाज और साहित्य की सेवा करते रहने का आह्वान किया।
पत्रिका के संस्थापक एवं संपादक प्रो. (डॉ.) के. एल. तलवाड़ ने कहा कि साईं सृजन पटल केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि साहित्य, संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और सकारात्मक विचारों को जोड़ने वाला एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि पत्रिका के माध्यम से स्थापित और नवोदित दोनों प्रकार के रचनाकारों को अपनी प्रतिभा अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। हमारा निरंतर प्रयास है कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति, भाषाओं, परंपराओं और सामाजिक चेतना से जुड़े विषयों को व्यापक पहचान मिले।
उन्होंने कहा कि 25वें अंक का प्रकाशन पत्रिका की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन यह यात्रा का पड़ाव नहीं, बल्कि और अधिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा है। भविष्य में भी पत्रिका समाज के हित में रचनात्मक और सार्थक विषयों को प्राथमिकता देती रहेगी।
पत्रिका के उपसंपादक अंकित तिवारी ने कहा कि ‘साईं सृजन पटल’ ने बहुत कम समय में साहित्य, समाज और रचनात्मक अभिव्यक्ति के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। पत्रिका निरंतर युवा रचनाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रिका का उद्देश्य केवल सामग्री का प्रकाशन करना नहीं, बल्कि विचारों का ऐसा सकारात्मक संवाद स्थापित करना है, जो समाज में जागरूकता, संवेदनशीलता और रचनात्मक परिवर्तन की प्रेरणा दे।
इस अवसर पर लेखिका नीलम तलवाड़ तथा इंसाईडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत भी उपस्थित रहे। सभी ने साईं सृजन पटल के 25वें अंक के प्रकाशन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पत्रिका परिवार को बधाई और शुभकामनाएं दीं।



