गोदभराई और अन्नप्राशन के साथ शुरू हुआ पोषण माह। (आंगनबाड़ी केंद्र में महिलाओं को पौष्टिक आहार और सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बुधवार को डोईवाला के आंगनबाड़ी केंद्र घमंडपुर में पोषण मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मीनाक्षी खत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान गर्भवती महिला की गोदभराई और बच्चे का अन्नप्राशन कराया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को पोषण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उत्तराखंडी पारंपरिक व्यंजन भी परोसे गए। विभाग की सुपरवाइजर अनीता पटवाल और आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुशीला खत्री ने महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इनमें नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, बाल प्लास योजना, महिला पोषण योजना, आंचल अमृत योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, एसएनपी सप्लीमेंट्री पोषाहार योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व योजना शामिल हैं।
मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य मीनाक्षी खत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए महिलाओं और बच्चों का स्वस्थ रहना जरूरी है। इसके लिए गर्भावस्था से ही महिलाओं को संतुलित और पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
सुपरवाइजर अनीता पटवाल ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस दौरान दीपा देवी, रीमा देवी, मंजू देवी, पूनम देवी, सरोज देवी, नीलम देवी, अंजली, वंदना, सरिता आदि कार्यक्रम में शामिल हुई।



