सेवा संकल्प अभियान में होंगे 12 कार्यक्रम, एक महीने तक चलेगा आयोजन। (17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों को किया जाएगा सम्मानित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। एक महीने तक चलने वाले अभियान में सेवा, सामाजिक सरोकार और विकसित भारत के संकल्प को लेकर 12 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शनिवार को भनियावाला स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में ऋषिकेश भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 25 करोड़ बच्चों के लिए सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा,आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की,सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र और राष्ट्रीय
एमोनेशन चैलेंज,पंचायत विभाग सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
गुजरात की अलग-अलग नदियों और पवित्र नदियों से जल लाकर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम प्रधानों और पंचायत स्तर पर कार्य करने वाले अन्य लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों में उनके योगदान को सम्मान दिया जाएगा। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और पंचायत के प्रधानों को सम्मानित भी किया जाएगा। पंचायत विभाग की ओर से भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा कार्यों को बढ़ावा देने के साथ ही लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पत्रकार वार्ता दीवान सिंह रावत, चंद्रभान, आशा कोठारी, विनय कंडवाल, पंकज शर्मा, संपूर्ण रावत, मनीष छेत्री सौरभ पाल आदि के अलावा भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



