65 लाख रुपये की देनदारी का आरोप, निवेशकों ने पूर्व सैनिक के घर किया हंगामा (मैच्योरिटी पूरी होने के बाद भी नहीं लौटाई रकम, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी; कंपनी निदेशक ने रिकवरी के बाद भुगतान का दिया भरोसा)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एआई निधि इंडिया लिमिटेड कंपनी पर निवेशकों के करीब 65 लाख रुपये बकाया होने का आरोप लगा है। मैच्योरिटी अवधि पूरी होने के बाद भी रकम वापस नहीं मिलने से नाराज निवेशकों ने मंगलवार को कंपनी निदेशक एवं पूर्व सैनिक अर्जुन सिंह रावत के घर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर जौलीग्रांट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
निवेशकों का आरोप है कि कंपनी की ओर से बेहतर मुनाफे का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये जमा कराए गए थे। निर्धारित अवधि पूरी होने पर जब उन्होंने अपनी जमा पूंजी वापस मांगी तो भुगतान नहीं किया गया। इससे आक्रोशित निवेशकों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की।
वहीं, कंपनी निदेशक अर्जुन सिंह रावत ने कहा कि कंपनी का पैसा भी कुछ लोगों के पास ऋण के रूप में फंसा हुआ है। उनसे रकम की वसूली होने के बाद सभी निवेशकों का पैसा वापस कर दिया जाएगा। फिलहाल निवेशक अपनी जमा पूंजी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।



