Blog

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर शब्द कीर्तन से निहाल हुई संगत। (पटियाला के ज्ञानी सुच्चा सिंह ने किया गुरु महिमा का बखान)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सिख समाज की ओर से प्रेम नगर बाजार स्थित गुरुद्वारे में सिखों के प्रथम गुरु एवं धर्मगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सजे विशेष धार्मिक दीवान में अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब से पहुंचे शब्द कीर्तन का गुणगान कर हरमन दीप सिंह ने गुरुवाणी कर संगत को निहाल किया। बड़ी संख्या में संगत ने गुरु दरबार में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर पटियाला से पहुंचे कथा वाचक ज्ञानी सुच्चा सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन प्रसंगों और उनकी महान शिक्षाओं का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को एक परमात्मा, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने संगत से गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंदों की सेवा और मानव कल्याण के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।

दर्जाधारी धीरेंद्र सिंह पवार ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी शिक्षाएं समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सेवा और सद्भाव के साथ रहने की राह दिखाती हैं।

गुरुद्वारा प्रधान गुरदीप सिंह ने कहा कि गुरु साहिब की वाणी और उनके आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखा रहे हैं। गुरु पर्व हमें सेवा, सिमरन और परोपकार की भावना को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर संगत ने श्रद्धापूर्वक गुरु का प्रसाद ग्रहण किया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, गन्ना समिति के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह, इंद्रजीत सिंह लाडी, जरनैल सिंह, अरमिंदर सिंह बिट्टा,ताजेन्द्र सिंह, लश्कर सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य इंद्रजीत सिंह, गुरचरण सिंह, गुरपाल सिंह, डॉ बलजीत सोढ़ी, तरसेम सिंह, अमरजीत सिंह आदि के अलावा संगत मौजूद रही I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button