खेतों में हाथियों की धमक, झबरावाला में गुलदार की दस्तक से गांवों में सतर्कता। (शनिवार और सोमवार को हाथियों ने फसलों को पहुंचाया नुकसान, वन विभाग अलर्ट मोड पर, ग्रामीणों के साथ मिलकर बढ़ाई रात्रि गश्त)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही ने किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। चांदमारी और सत्तीवाला में हाथियों ने खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाया है, जबकि झबरावाला क्षेत्र में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत है। शनिवार और सोमवार को हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने की घटनाओं के बाद लच्छीवाला वन रेंज का वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
हाथियों की लगातार आवाजाही से किसानों को अपनी मेहनत से तैयार की गई फसलों की चिंता सताने लगी है। वहीं गुलदार की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीण भी सतर्क हैं। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ा दी है। वन विभाग की टीम ग्रामीणों के साथ मिलकर संवेदनशील इलाकों में निगरानी कर रही है।
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को जागरूक करते हुए रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने, बच्चों को सुरक्षित रखने और वन्यजीवों के दिखाई देने पर उनके नजदीक जाने के बजाय तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की जा रही है।
रेंज अधिकारी जीएस धामंदा ने बताया कि शनिवार और सोमवार को हाथियों ने खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वहीं झबरावाला क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह सतर्क है। प्रभावित क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। वन विभाग और पार्क कर्मचारी की टीम ग्रामीणों के साथ मिलकर लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।



