जॉलीग्रांट–भानियावाला में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, रेस्टोरेंट से लिए गए खाद्य सामग्री के नमूने।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश के क्रम में आज खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भानियावाला और जॉलीग्रांट क्षेत्र में निरीक्षण व सैंपलिंग अभियान चलाया। इस दौरान रेस्टोरेंट से खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। साथ ही विभिन्न ब्रैंड की आइसक्रीम एवं स्ट्रॉबेरी फ्लेवर्ड आइसक्रीम के नमूने भी लेकर जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए।
कार्रवाई का यह क्रम एक दिन पूर्व मिली शिकायत के बाद तेज किया गया, जिसमें जॉलीग्रांट स्थित एक कैफ़े की खाद्य सामग्री में कुछ पाए जाने की बात सामने आई थी। शिकायत के आधार पर संबंधित रेस्टोरेंट की विस्तृत जांच की गई,सामग्री का नमूना लिया गया और रेस्टोरेंट प्रबंधन को सुधार सूचना जारी की गई।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर नमूने लिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
खाद्य सुरक्षा विभाग कहा कि इस प्रकार की जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।



