एसडीआरएफ मुख्यालय में फिजियोथेरेपी सेंटर शुरू। (पुलिस कार्मिकों, परिजनों और जरूरत पड़ने पर आमजन को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट स्थित डिस्पेंसरी में फिजियोथेरेपी सेंटर का शुभारंभ सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने करते हुए कहा कि सेंटर का उद्देश्य पुलिस कार्मिकों, उनके परिजनों और आवश्यकता पड़ने पर आमजन को बेहतर फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास संबंधी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सेंटर में मांसपेशियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं, शारीरिक दर्द, चोट के बाद पुनर्वास, मांसपेशियों की कमजोरी और शारीरिक गतिशीलता में सुधार के लिए फिजियोथेरेपी सेवाएं उपलब्ध होंगी। एसडीआरएफ जवानों की कार्यप्रकृति को देखते हुए यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आपदा और रेस्क्यू अभियानों के दौरान जवानों को कठिन परिस्थितियों में लंबे समय तक शारीरिक परिश्रम करना पड़ता है।
इस सुविधा से चोट या शारीरिक समस्या के बाद कार्मिकों को समयबद्ध पुनर्वास में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिलने से उन्हें अन्यत्र जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
इस दौरान उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत समेत एसडीआरएफ के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



