जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ने की कवायद। (एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में रनवे विस्तार, नई उड़ानों और यात्री सुविधाओं पर हुआ मंथन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ने की संभावनाओं को लेकर सोमवार को हवाई अड्डा सलाहकार समिति (एएसी) की वार्षिक बैठक में मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की। बैठक में रनवे विस्तार, नई उड़ानों, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला समेत समिति के अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया। एयरपोर्ट निदेशक एवं समिति संयोजक बीएच नेगी ने अध्यक्ष, सह-अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
रनवे विस्तार के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया गया। वर्तमान रनवे विन्यास के कारण खराब मौसम में उड़ानों के डायवर्जन और पायलटों को आने वाली परिचालन संबंधी दिक्कतों से समिति को अवगत कराया गया। एयर ट्रैफिक में करीब 7-8 प्रतिशत की वृद्धि के बीच नए सेक्टरों में उड़ान शुरू करने और एयरलाइंस को प्रोत्साहित करने के लिए वीजीएफ जैसी व्यवस्था की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए कस्टम और इमिग्रेशन सुविधाओं समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विचार किया गया। इसके अलावा नए एटीसी टावर, एकीकृत प्रशासनिक भवन और कार्गो सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा हुई। बढ़ते यात्री आवागमन को देखते हुए स्थायी पुलिस स्टेशन और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की आवश्यकता भी उठाई गई।
बैठक में एयरपोर्ट अप्रोच रोड के पर्यावरण अनुकूल सौंदर्यीकरण, मोबाइल कनेक्टिविटी और नियमित बस सेवा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। समिति ने एयरपोर्ट के विकास, यात्री सुविधाओं और उत्तराखंड की पर्यटन क्षमता को बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया।



