एसडीआरएफ जॉलीग्रांट में आरटीसी सम्मेलन, 208 नव आरक्षियों को सेवा-अनुशासन का मंत्र, (प्रशिक्षण की शुरुआत के साथ व्यवहार, प्रशासन और कर्तव्यनिष्ठा पर दिया गया विशेष मार्गदर्शन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एसडीआरएफ वाहिनी, जॉलीग्रांट में प्रशिक्षणाधीन 208 नव नियुक्त आरक्षियों का आरटीसी सम्मेलन आयोजित किया गया।
इन आरक्षियों का आरटीसी प्रशिक्षण प्रारंभ हो चुका है, जिसके तहत उन्हें सेवा के प्रारंभिक चरण में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपसेनानायक शान्तनु पाराशर ने नव नियुक्त आरक्षियों को पुलिस सेवा से जुड़े व्यवहारिक, प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, पुलिस एक्ट, संगठन के विभिन्न अंगों, एसडीआरएफ की कार्य प्रणाली तथा प्रशिक्षण के महत्व को स्पष्ट करते हुए कमांड स्ट्रक्चर और पुलिस पदानुक्रम की जानकारी दी। साथ ही संगठनात्मक अनुशासन, जिम्मेदारियों के निर्वहन और टीमवर्क पर विशेष बल दिया।
उपसेनानायक ने आरक्षियों को निर्देशित किया कि वे अपने सेवा काल में अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता या उपेक्षा न आने दें। उन्होंने नशा, धूम्रपान एवं अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। साथ ही भीषण गर्मी के दृष्टिगत स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और हीट वेव से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने को कहा।
सोशल मीडिया के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्मिक सोशल मीडिया गाइडलाइन का पूर्ण पालन करें, किसी भी प्रकार की संवेदनशील, भ्रामक अथवा राजनीतिक पोस्ट साझा न करें और सदैव शिष्ट एवं मर्यादित भाषा का प्रयोग करें।
सम्मेलन में सूबेदार सैन्य सहायक जयपाल राणा, अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान सहित समस्त प्रशिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।



