शिव भक्ति से मिलता है जीवन का समाधान । दीपक आचार्य (विधायक बृजभूषण गैरोला ने कथा स्थल पर पहुंचकर लिया आशीर्वाद)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लच्छीवाला स्थित श्री शिव मंदिर परिसर में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के सातवें दिन भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। कथा व्यास दीपक आचार्य ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जो शिव की शरण में जाता है, उसके जीवन की हर बाधा स्वतः दूर हो जाती है। शिव भक्ति ही सच्ची शक्ति का स्रोत है।
कथा के दौरान दीपक आचार्य ने शिव भक्ति, वैराग्य, संयम और सदाचार पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान शिव अत्यंत सरल, सहज और करुणामय हैं तथा वे सच्चे हृदय से की गई भक्ति से ही प्रसन्न हो जाते हैं।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला कथा स्थल पर पहुंचकर व्यासपीठ का आशीर्वाद प्राप्त किया और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक गैरोला ने कहा कि शिव महापुराण जैसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा भारतीय संस्कृति और संस्कारों को मजबूती मिलती है।
कथा श्रवण करने वालों में मंदिर समिति अध्यक्ष देवराज सावन, नरमाया गुरुंग, अनीता गुरुंग, अजय थापा, गंगा थापा, अधीर, नरेंद्र, रणधीर, पदम, सुधा, मंजुला, अशोक पोरेल, पूजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



