क्षेत्र पंचायत बैठक में मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे छाए रहे, अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी, (सड़क, पेयजल, आंगनबाड़ी व बरसाती समस्याओं पर गरमाई चर्चा, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में इस बार मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे पूरी तरह हावी रहे। सड़क, पेयजल, सिंचाई, आंगनबाड़ी केंद्र, बरसाती जलभराव और बाढ़ सुरक्षा जैसे विषयों पर जनप्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों से साफ जवाब मांगे और लंबित कार्यों को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।
कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख बीना देवी ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र पंचायत की ओर से भेजे गए प्रस्तावों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों को हल्के में लेने की प्रवृत्ति छोड़नी होगी और बैठक में उठाई गई समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
रानीपोखरी ग्राम प्रधान सुधीर रतूड़ी ने कहा कि पेयजल, सिंचाई और सड़क योजना के अंतर्गत लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया गया था, लेकिन मनरेगा मद से 6 लाख का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। इससे पंचायत के अन्य विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
सिमलास ग्रांट की ग्राम प्रधान सुषमा बोरा ने बताया कि बरसात का मौसम नजदीक है और सुषमा नदी से सटे गांवों में हर वर्ष बाढ़ का खतरा बना रहता है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगली बैठक से पहले कार्य शुरू नहीं हुए तो क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्लॉक सभागार में धरना देंगे।
बुल्लावाला क्षेत्र पंचायत सदस्य आशिया परवीन ने बुल्लावाला चौक से कंबोज मोहल्ला समस्या उठाते हुए कहा कि बरसात के दौरान इस सड़क पर पूरा पानी भर जाता है जिससे पानी घरों के भीतर घुस जाता है। उन्होंने सुरक्षा दीवार के पास सड़क पर पड़ी सामग्री हटाने और जलभराव से राहत दिलाने की मांग की।
कालूवाला क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज रावत ने कहा कि उनके क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कई वर्षों से लंबित है। बार-बार प्रस्ताव भेजने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे बच्चों और महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य जसवीर कौर ने मारखम ग्रांट द्वितीय क्षेत्र की समस्याएं जोरशोर से उठाईं। उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में राव खाल क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन और जल निकासी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राव खाल के शीघ्र निर्माण की मांग की और क्षेत्र में लगभग छह माह से पानी का बिल नहीं आया है, जिससे उपभोक्ताओं में असमंजस और परेशानी बनी हुई है। उन्होंने संबंधित विभाग से समस्या का तत्काल समाधान करने और व्यवस्था को सुचारु करने की मांग की।
बैठक में अन्य सदस्यों ने भी बिजली,सड़क निर्माण, नाली सफाई, पेयजल संकट और स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं और कहा कि जमीनी स्तर पर हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं।
ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि बैठक में उठाई गई सभी समस्याएं गंभीर हैं। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए और लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी ने बताया कि मनरेगा सहित अन्य योजनाओं से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है और पात्र कार्यों का भुगतान तथा लंबित प्रस्तावों का निस्तारण जल्द किया जाएगा।
बैठक मे जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यदि बरसात से पहले मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में ठोस प्रगति नहीं हुई तो वे आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख धनवीर सिंह बेंदवाल, अनूप सिंह, विशाल, अंजू, संगीता, उमा शाही, माधुरी, मनीषा, सविता, राखी, अर्जुन रावत, पिंकी, परमजीत कौर सहित अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्य के अलावा सिंचाई विभाग,जल संस्थान,पेयजल निगम, जल संस्थान, बाल विकास विभाग, विद्युत विभाग, पशुपालन विभाग, वन विभाग, लघु सिंचाई विभाग, समाज कल्याण विभाग अन्य विभागों के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।



