गणेशोत्सव में राधा अष्टमी की धूम, फूलों की होली से माहौल भक्तिमय। (कीर्तन मंडली में गूंजे राधा-कृष्ण के भजन, श्रद्धालुओं ने उत्साह से मनाया पर्व)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
गणेश सेवा समिति केशवपुरी की ओर से आयोजित गणेशोत्सव के छठे दिन शनिवार को कीर्तन मंडली में राधा अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। रजत एंड पार्टी की कीर्तन मंडली ने राधा-कृष्ण के भजनों की प्रस्तुति दी। भजन और कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए भगवान गणेश और राधा-कृष्ण का गुणगान करते रहे।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर फूलों की होली खेली। महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। भजन-कीर्तन और फूलों की होली के बीच श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए।
गणेश सेवा समिति केशवपुरी के अध्यक्ष भारत भूषण ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को आपस में जोड़ने और संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। राधा अष्टमी के अवसर पर भजन-कीर्तन और फूलों की होली से श्रद्धालुओं में भक्ति और उल्लास का संचार हुआ।
इस दौरान चंद्रप्रकाश, अनीता, कमलेश, अमन, रजत, संजय, पायल, पूजा, कुसुम आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।



