Blog

जंतर-मंतर घटना के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन, (डोईवाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, कथित लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दिल्ली मे जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित लाठीचार्ज एवं बल प्रयोग के विरोध में बुधवार को नगर कांग्रेस कमेटी डोईवाला के अध्यक्ष करतार सिंह नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम उप जिलाधिकारी डोईवाला के माध्यम से पांच सूत्रीय ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार सिंह नेगी ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है। युवाओं की मांगों पर विचार करने के बजाय कथित बल प्रयोग और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार की खबरों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि जंतर-मंतर घटना के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास उचित नहीं है।

पूर्व गन्ना समिति अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। परीक्षा-पत्र लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और घटना के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

ज्ञापन में जंतर-मंतर घटना की उच्चस्तरीय जांच, कथित बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, परीक्षा-पत्र लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, युवाओं की मांगों पर सकारात्मक निर्णय तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष सुनील वर्मन, यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव आरिफ अली, बालू सजवान, चंद्रप्रकाश, आशीष, जावेद, रेखा कांडपाल, प्रवीण सैनी, मोहित कपरवान, भारत भूषण, दीपक कुमार, विनोद सिंह, गौरव बिष्ट, शाकिर अली, मंजू राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button