जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, (‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का शुक्रवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और फूल-मालाओं के साथ राहुल गांधी का अभिनंदन किया।
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड आगमन प्रदेश के युवाओं और छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम युवाओं को अपनी बात रखने का सशक्त मंच देगा तथा शिक्षा, रोजगार और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का अवसर प्रदान करेगा।
स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, कांग्रेस के पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव काज़ी निजामुद्दीन, जयेंद्र रमोला, ऋषिकेश महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, डोईवाला नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी, डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सागर मनवाल, मनोज नौटियाल, शार्दूल नेगी, रेखा कांडपाल सती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



