Blog

राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय को शिलान्यास स्थल पर ही बनाए सरकार। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य

धरना स्थल पर ग्रामीणों से मिले नेता प्रतिपक्ष, सदन और मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से उठाने का दिया भरोसा।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भट्टनगरी रानी पोखरी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर चल रहे धरना स्थल पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय वही बनाया जाना चाहिए, जहां पर इसका शिलान्यास किया गया था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वह विधानसभा सदन में और मुख्यमंत्री के समक्ष पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे, ताकि सरकार अपने निर्णय पर पुनर्विचार करे।

डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि यदि सरकार को विस्थापितों को बसाना है, तो उसके लिए कहीं और उपयुक्त भूमि तलाश की जाए।
कहा कि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की आवंटित जमीन पर केवल विश्वविद्यालय ही बनना चाहिए। इससे न सिर्फ क्षेत्र का समग्र विकास होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

परवादून जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि विधि विश्वविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़ा विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।

रानीपोखरी न्याय पंचायत प्रधान सुधीर रतूड़ी ने कहा किविश्वविद्यालय को शिलान्यास स्थल पर ही बनाए जाने की मांग दोहराई और कहा कि यह संस्थान क्षेत्र की पहचान और भविष्य दोनों को मजबूती देगा। इस दौरान धरना स्थल पर पूर्व विधायक केदारनाथ मनोज रावत, परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सागर मनवाल, लिस्ट्राबाद ग्राम प्रधान रमेश कुमार, विनोद रावत, नरेंद्र चौहान, अनूप चौहान आदि के अलावा जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button