डोईवाला में सीवर नेटवर्क की मांग, मंत्री से मिले। पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी (बढ़ती आबादी, शहरी विस्तार और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों का हवाला देकर नरेंद्र सिंह नेगी ने सौंपा ज्ञापन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने शहरी विकास मंत्री राम सिंह केड़ा से मुलाकात कर नगर क्षेत्र में सीवर नेटवर्क स्थापित किए जाने की मांग की। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वर्ष 2018 में नगर पालिका के सीमाविस्तार के बाद वार्डों की संख्या सात से बढ़कर 20 हो गई है तथा नगर की आबादी करीब एक लाख तक पहुंच चुकी है।
डोईवाला में जौलीग्रांट एयरपोर्ट, हिमालयन हॉस्पिटल, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय सहित कई प्रमुख संस्थान स्थित हैं। देहरादून का प्रवेश द्वार होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन भी रहता है, जिससे नगर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसके बावजूद अब तक सीवर नेटवर्क की व्यवस्था नहीं हो सकी है।
पालिका अध्यक्ष ने नगर की जरूरतों को देखते हुए सीवर नेटवर्क योजना को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इस पर शहरी विकास मंत्री ने मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।



