पहाड़ों के हर गांव तक पहुंचेगी हर जरूरी सुविधा। विधायक गैरोला (41.17 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण, पुलिया, सड़क, सिंचाई, पेयजल और मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य हुए जनता को समर्पित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक बृजभूषण गैरोला ने गुरुवार को 41.17 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। उन्होंने बड़कोट ग्राम सभा के दुजियावाला-दांडी मोटर मार्ग स्थित बंगला नाला पर 30.17 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुलिया, 9 लाख की लागत से कौड़सी एवं फागसी में विधायक निधि से बनी आंतरिक सड़कें, सिंचाई पाइपलाइन, पानी की टंकी तथा 2 लाख की लागत से सुरेश्वर महादेव मंदिर में टिन शेड और सौंदर्यीकरण कार्य जनता को समर्पित किए।
बंगला नाला में बरसात के दौरान तेज जलप्रवाह से लोगों की आवाजाही प्रभावित रहती थी। पुलिया बनने से अब ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों को पूरे वर्ष सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। वहीं नई सड़कें बनने से ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी, जबकि सिंचाई पाइपलाइन और पानी की टंकी से कृषि और पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मंदिर में किए गए विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि पहाड़ों के हर गांव तक हर जरूरी सुविधा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पुल, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक निधि और सरकारी योजनाओं का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ जनहित के कार्यों में किया जा रहा है और विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दीक्षा भट्ट, ग्राम प्रधान मीना, भाजपा जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता विजय भट्ट, किसान मोर्चा के गढ़वाल सह संयोजक अरुण शर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पूनम सजवान, क्षेत्र पंचायत सदस्य आयुष मल्ल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शर्मा, पूर्व प्रधान बलवंत सिंह, संदीप भट्ट, मनोज शर्मा, सुनील भट्ट, नवीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



