नाना की स्मृति में बच्चों के भविष्य को संवारने की पहल, (ग्रीन लैंड चिल्ड्रन्स एकेडमी में विद्यार्थियों को ड्रेस, पंखे और पीटी ड्रम वितरित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला के खत्ता स्थित ग्रीन लैंड चिल्ड्रन्स एकेडमी जूनियर हाई स्कूल में एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। कांग्रेस जिला महामंत्री राहुल सैनी ने अपने स्वर्गीय नाना वैद्य रामसिंह की पावन स्मृति में बच्चों के हित में उपयोगी सामग्री का वितरण कराया। यह सामग्री जिला कांग्रेस कमेटी परवादून के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के हाथों विद्यालय को प्रदान की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के 25 विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस वितरित की गई, जबकि शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए विद्यालय को तीन पंखे तथा बच्चों के शारीरिक विकास के लिए पीटी ड्रम भी भेंट किए गए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा का माहौल उपलब्ध कराना और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस नेक पहल की सराहना की और स्वर्गीय वैद्य रामसिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में सभी ने स्वर्गीय वैद्य रामसिंह की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीलम सैनी, शिखा, कनिस कुमार, सिद्धार्थ, कामेश्वरी, विपिन कुमार, नरेंद्र सिंह के साथ ही प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस आरिफ अली, मुकेश प्रसाद, मनोज पाल, विनय मुरली, अब्दुल सलाम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।



