नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का महाविद्यालय में हुआ स्वागत, अनुशासन और मेहनत का दिया संदेश। (शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित, छात्रवृत्ति, नई शिक्षा नीति और करियर अवसरों की दी गई जानकारी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में नव-प्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रो. संगीता बहुगुणा ने की। इस दौरान नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की व्यवस्थाओं, शिक्षा नीति, छात्रवृत्ति योजनाओं, अनुशासन नियमों और भविष्य के अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. एन.के. नैथानी ने महाविद्यालय के इतिहास की जानकारी देकर की। डॉ. देवेश चंद्र ने मुख्यमंत्री प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना, निर्धन छात्रवृत्ति, अनुसूचित जाति/जनजाति छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।
डॉ. अनुराग भंडारी ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को अनेक नए अवसर मिल रहे हैं। छात्र समर्थ पोर्टल और कैरियर काउंसलिंग जैसी सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं।
डॉ. देवेश चंद्र ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए सरकार और विभिन्न संस्थाओं की छात्रवृत्ति योजनाएं महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए।
डॉ. राकेश चन्द्र जोशी ने कहा कि महाविद्यालय में अनुशासन और सकारात्मक वातावरण बनाए रखना सभी छात्र-छात्राओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रॉक्टोरियल बोर्ड और अनुशासन नियमों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में डॉ. पुष्पा नेगी ने कला संकाय, डॉ. पूरन सिंह खाती ने विज्ञान संकाय के विषयों की जानकारी दी। डॉ. वल्लरी कुकरेती ने एनसीसी, डॉ. वीएस पंवार ने समाजशास्त्र, रोवर रेंजर्स और एंटी रैगिंग, जबकि डॉ. शिव कुमार लाल ने एनएसएस, देवभूमि उद्यमिता, माय भारत पोर्टल और एंटी ड्रग्स अभियान के बारे में जानकारी दी। प्रो. कंचन सिंह ने भूगोल विषय में भविष्य की संभावनाओं और सांस्कृतिक गतिविधियों से अवगत कराया।
अजीज प्रेमजी फाउंडेशन की सदस्य चंद्रकला ने छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में महाविद्यालय की 67 छात्राओं को इसका लाभ मिल चुका है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंजली वर्मा ने किया। अंत में प्रो. राकेश चन्द्र जोशी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर प्रो. एन.के. नैथानी, डॉ. पुष्पा नेगी, डॉ. पूरन सिंह खाती, डॉ. वल्लरी कुकरेती, डॉ. वीएस पंवार, डॉ. शिव कुमार लाल, प्रो. कंचन सिंह, श्रीमती चंद्रकला, डॉ. पंकज पांडे, डॉ. संजीव नेगी, डॉ. पूनम पांडे, डॉ. पल्लवी मिश्रा, डॉ. अखिलेश कुकरेती सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्रसंघ पदाधिकारी उपस्थित रहे।



