Blog

नन्हे सितारों की उड़ान का साक्षी बना एमराल्ड वर्ल्ड स्कूल का प्रथम दीक्षांत समारोह, (रंगारंग प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण और भावनात्मक पलों के बीच बच्चों ने रचा यादगार इतिहास)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रेशम माजरी स्थित एमराल्ड वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह शिक्षा, संस्कार और सांस्कृतिक उल्लास का सुंदर संगम बनकर सामने आया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हे छात्र देवांश रौथान के स्वागत भाषण ने सभागार को तालियों से गुंजायमान कर दिया।

कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। नृत्य, समूह गीत, अंग्रेजी व हिंदी कविता पाठ के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कक्षा 1 एवं 3 के विद्यार्थियों का फन डांस विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

समारोह मे बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रधानाचार्या सोनिया गुलाटी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

वहीं विद्यालय के डायरेक्टर राजवीर सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास की कुंजी हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल फोन की अधिकता से दूर रखने की अपील भी की।

जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने कहा कि दीक्षांत समारोह जैसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। प्रारंभिक स्तर पर ऐसी गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं।

पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी एवं प्रधान निशा देवी ने कहा कि एमराल्ड वर्ल्ड स्कूल शिक्षा के साथ संस्कारों को भी समान महत्व दे रहा है, जो समाज और क्षेत्र के भविष्य के लिए अत्यंत सराहनीय प्रयास है।

कार्यक्रम में विद्यालय के एमडी एवं बीडीसी सदस्य प्रीतपाल सिंह, मंगल सिंह, पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल, अंशिका डोभाल, चरणजीत सिंह, राजवीर खत्री, सभासद ईश्वर रौथान, राजकुमार राज, विनोद पाल, ईश्वर सिंह रोथान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button