विषाक्त पदार्थ खाने से हुई थी निशा पांचाल की मौत, महिला आयोग अध्यक्ष ने परिजनों से की मुलाकात।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
कोतवाली क्षेत्र के चांदमारी निवासी महिला निशा पांचाल की विषाक्त पदार्थ खाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने गुरजीत सिंह पुत्र पूरन सिंह निवासी चांदमारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका के पति अनिल पांचाल ने तहरीर में गुरजीत सिंह पर उनकी पत्नी को पिछले करीब चार वर्षों से मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है।
तहरीर के अनुसार, लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर निशा ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को शव घर पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
बृहस्पतिवार को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मौके से एसपी देहात जय बलूनी से फोन पर वार्ता कर मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, पति की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।



