शेरगढ़ में गुलदार के खौफ से घरों में कैद होने लगे लोग, (घर के भीतर से पालतू कुत्ते को बनाया शिकार)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
माजरी ग्रांट के शेरगढ़ गांव के वार्ड नंबर-7 में गुलदार की लगातार बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रिहायशी क्षेत्र में गुलदार के बार-बार दिखाई देने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। शाम ढलते ही लोग घरों में रहने को मजबूर हैं और बच्चों तथा बुजुर्गों को अकेले बाहर भेजने से परहेज कर रहे हैं।
बीती रात गुलदार आबादी के बीच पहुंच गया और सुखविंदर सिंह फौजी के घर के भीतर घुसकर उनके पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना ले गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गुलदार लगातार रिहायशी इलाके के आसपास मंडरा रहा है, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्राम प्रधान निशा देवी ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में जल्द पिंजरा लगाया जाए और नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि गुलदार को पकड़कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई गंभीर हादसा हो सकता है।
बड़कोट रेंज अधिकारी गणेश उनियाल ने बताया कि शेरगढ़ क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और हालात पर नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर पिंजरा भी लगाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि शाम और रात के समय अकेले बाहर न निकलें तथा किसी भी स्थान पर गुलदार दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।



