भानियावाला वार्ड-10 में बंद बरसाती नालियों को खुलवाने की मांग, सभासद ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भानियावाला वार्ड संख्या-10 में बंद पड़ी बरसाती नालियों से हो रही जलभराव की समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद के सभासद ईश्वर सिंह रोथान ने उपजिलाधिकारी डोईवाला को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नालियों को शीघ्र खुलवाकर जनता को राहत दिलाने की मांग की।
सभासद ने बताया कि दुर्गाचौक से दून पब्लिक स्कूल तक टीएचडीसी द्वारा बनाई गई बरसाती नालियां वर्तमान में बंद हैं। कुछ स्थानों पर अतिक्रमण के चलते पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे बरसात के दौरान पानी सड़कों पर फैल जाता है और आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सभासद ने नालियों को खुलवाने के साथ अतिक्रमण हटाने की मांग की।
एसडीएम ने कहा कि संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही। ज्ञापन देने वालों में रवि चौहान, दीपक चौहान आदि मौजूद रहे।



