श्री राम कथा से मिला सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश।
अग्रवाल धर्मशाला में लक्ष्मी दीदी के प्रवचनों को सुनने उमड़े श्रद्धालु।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अग्रवाल धर्मशाला में श्रद्धालुओं की ओर से आयोजित श्री राम कथा में कथा वाचिका लक्ष्मी दीदी ने कहा कि भगवान श्री राम का जीवन मानव को सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्री राम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शन है।
लक्ष्मी दीदी ने कहा कि वर्तमान समय में जब भौतिकता के कारण मानवीय मूल्यों में कमी आ रही है, तब श्री राम के आदर्श जीवन को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि श्री राम ने हर परिस्थिति में धर्म और सत्य का साथ दिया, जो आज भी अनुकरणीय है।
कथा के दौरान वनवास प्रसंग, भ्रातृ प्रेम और माता-पिता के प्रति आज्ञाकारिता का भावपूर्ण वर्णन किया गया। उन्होंने कहा कि सत्ता या सुख से बड़ा धर्म होता है और सत्य के मार्ग पर चलकर ही समाज में समरसता स्थापित की जा सकती है।
कथा श्रवण करने वालों में राकेश गुप्ता, संगीता अग्रवाल, ईश्वर चंद अग्रवाल, हेमा डंडरियाल, अनीता अग्रवाल, श्रुति, लक्ष्मी, राजवीर खत्री और विपुल गोयल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।



