महाशिवरात्रि पर्व पर डोईवाला में निकली शिव बारात, श्रद्धा और उत्साह का दिखा संगम।
ठाकुरद्वारा गोवर्धन बालापुरी मंदिर से निकली चौथी शोभायात्रा, युवा सेवा मंडल डोईवाला ने किया आयोजन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ऋषिकेश रोड ठाकुर द्वारा गोवर्धन बालापुरी मंदिर से भव्य चौथी शोभायात्रा (शिव बारात) का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन का नेतृत्व युवा सेवा मंडल डोईवाला द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आकर्षक झांकियों में शिवलिंग, राधा-कृष्ण और प्रभु हनुमान की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों और भजनों की गूंज के बीच श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
मंदिर समिति के मुख्य पुजारी निजानंद पुरी ने कहा कि महाशिवरात्रि हिंदू संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। शिव बारात जैसे आयोजन समाज में धर्म, आस्था और संस्कारों को मजबूत करते हैं तथा भगवान शिव के तप, त्याग और लोककल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हैं।
युवा सेवा मंडल से जुड़े यश सोनकर ने बताया कि यह चौथी शोभायात्रा है और हर वर्ष इसे और अधिक भव्य रूप देने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हिंदू संस्कृति की जीवंत परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक एकता और युवाओं की सहभागिता को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा,अमित कुमार, अजय सिंह, अर्जुन, सुरेश, योगेंद्र सोनकर,ममता,सुनील, सभासद मनीष धीमान, अमित सिंह टीटू, सतीश जायसवाल,अनिल कुमार, राजू आदि के अलावा सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



