भानियावाला के आदर्श नगर लेन नंबर 19 में गंभीर पेयजल संकट, जल संस्थान को सौंपा गया ज्ञापन।
डोईवाला के वार्ड 7 भानियावाला में वर्षों पुरानी जल समस्या से परेशान 20 परिवार, नई पाइपलाइन व नियमित आपूर्ति की मांग।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 07 भानियावाला स्थित आदर्श नगर की लेन नंबर 19 में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर स्थानीय निवासी जल संस्थान कार्यालय मिस्सरवाला पहुंचे और समस्या के समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। निवासियों ने क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने और नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि लेन नंबर 19 में वर्षों से पानी की आपूर्ति बाधित है। इस समस्या को लेकर वर्ष 2017 में भी जल संस्थान को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। पानी की किल्लत के कारण क्षेत्र के करीब 20 परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी मदन सिंह बुटोला ने बताया कि गली में पुरानी पाइपलाइन तो मौजूद है, लेकिन उससे पानी नाममात्र ही आता है। कई बार अधिकारियों को मौखिक व लिखित रूप से अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने जल्द नई पाइपलाइन बिछाकर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू करने की मांग की।
जल संस्थान के अवर अभियंता विनोद असवाल ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत को संज्ञान में ले लिया गया है। शीघ्र ही स्थल निरीक्षण कर तकनीकी आकलन किया जाएगा और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में सते सिंह, चंद्र सिंह नेगी, सागर भट्ट, रोशन सिंह गुसांई, शरद चंद धस्माना, सूर्य प्रकाश, रमेश कुमार, संदीप सिंह, गिरीश प्रसाद, अजय सिंह, सुखदेव सिंह सहित अन्य स्थानीय निवासी मौजूद रहे।



