धूमधाम से मना एएआई का 31वां स्थापना दिवस, (जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर वंदे मातरम् से हुआ शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी सम्मानित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) का 31वां स्थापना दिवस बुधवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एयरपोर्ट के सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न हितधारकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
विमानपत्तन निदेशक बीसीएच नेगी के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में उन्होंने उपस्थित जनसमूह के साथ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष का संदेश साझा किया। संदेश के माध्यम से संगठन की अब तक की गौरवशाली उपलब्धियों, देश के हवाई अड्डा ढांचे के विकास में एएआई की भूमिका तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
विमानपत्तन निदेशक बीसीएच नेगी ने कहा कि एएआई ने बीते 31 वर्षों में देश की हवाई संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कर्मचारियों की निष्ठा, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं के सहयोग से संगठन निरंतर प्रगति कर रहा है।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। इससे कर्मचारियों में उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई। कार्यक्रम का समापन सामूहिक ‘एएआई गीत’ के साथ किया गया, जिसने कर्मचारियों में एकता और संगठनात्मक गर्व का संचार किया।
इस अवसर पर संयुक्त महाप्रबंधक (संचार) दीपक चमोली, संयुक्त महाप्रबंधक (प्रचालन) नितिन कुमार कादियान, मुख्य विमानन सुरक्षा अधिकारी जगन्न्य सोम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।



