Blog

जंगल की गोद में गर्मियों का महाउत्सव: लच्छीवाला नेचर पार्क में आज से वाइल्ड समर फेस्ट 2026, (1 अप्रैल से 15 जून तक समर कार्निवल, नेचर ट्रेल, रॉक क्लाइंबिंग और सांग नदी में बोटिंग बनेंगे मुख्य आकर्षण)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
गर्मियों की तपन से राहत और प्रकृति के सान्निध्य में रोमांच का अनुभव देने के लिए देहरादून के प्रसिद्ध लच्छीवाला नेचर पार्क में 1 अप्रैल से 15 जून 2026 तक वाइल्ड समर फेस्ट 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह समर कार्निवल बच्चों, युवाओं, परिवारों और प्रकृति प्रेमियों के लिए मनोरंजन, साहस और पर्यावरणीय चेतना का जीवंत संगम बनेगा।

इस बार फेस्ट को विशेष रूप से आकर्षक कार्निवल स्वरूप दिया गया है। एडवेंचर ज़ोन में रॉक क्लाइंबिंग सहित कई रोमांचक गतिविधियां युवाओं को उत्साह से भरेंगी, जबकि जंगल के बीच विकसित नेचर ट्रेल पर पैदल भ्रमण कर पर्यटक हरियाली, पक्षियों की चहचहाहट और प्राकृतिक शांति का अनुभव कर सकेंगे।

सांग नदी के तट पर पर्यटकों के लिए बोटिंग और जल क्रीड़ा की व्यवस्था की गई है, जहां नदी की लहरों के साथ सुकून के पल बिताने का अवसर मिलेगा। बच्चों और युवाओं के लिए इको-क्राफ्ट्स गतिविधियां भी आयोजित होंगी, जिनके माध्यम से वे रचनात्मक ढंग से पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझ सकेंगे।

यह समर फेस्ट प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। हरिद्वार रोड पर स्थित होने के कारण लच्छीवाला नेचर पार्क तक पहुंचना आसान है, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय व बाहरी पर्यटकों के आने की उम्मीद है।

वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि वाइल्ड समर फेस्ट केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को प्रकृति और पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि “प्रकृति के साथ जिएं” के संदेश के साथ आयोजित यह कार्निवल हर आगंतुक को यादगार अनुभव देकर लौटाने का प्रयास है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button