डोईवाला में तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग पर कार्यशाला, जल्द शुरू होगा लाइसेंसिंग कार्य, (नगर पालिका सभागार में हितधारकों का संवेदीकरण, सार्वजनिक स्वास्थ्य संरक्षण पर जोर)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद सभागार, डोईवाला में तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग (TVL/TAPS) विषय पर हितधारकों के लिए संवेदीकरण-सह-अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शहरी क्षेत्र में तंबाकू नियंत्रण उपायों को सुदृढ़ करना और तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। डीटीसीसी और बालाजी सेवा संस्थान की टीम द्वारा प्रतिभागियों को कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी गई।
नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा में नगर निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है और डोईवाला में तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग को शीघ्र लागू किया जाएगा। उन्होंने बालाजी सेवा संस्थान के तंबाकू नियंत्रण प्रयासों की सराहना भी की।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने कहा कि तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग लागू होने से अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगेगी और नियमों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित होगा।
कार्यशाला में बालाजी सेवा संस्थान की राज्य कार्यक्रम प्रबंधक ममता थप्पा ने तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी, जबकि जिला सलाहकार एनटीसीपी अर्चना कांडवाल ने तंबाकू चालान से संबंधित प्रावधानों पर प्रकाश डाला।
पीआईसी स्कूल डोईवाला के प्रिंसिपल अंकित धोबरियाल ने कहा कि तंबाकू का सेवन बच्चों के लिए गंभीर चिंता का विषय है और लाइसेंसिंग व्यवस्था बच्चों को इसके दुष्प्रभावों से बचाने में सहायक होगी।
कार्यक्रम में अर्चना कांडवाल डॉ. सोनम,अजीत जस्सर, पालिका मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत आदि मौजूद रहे



