नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-माल्यार्पण, अभिभावकों का सम्मान और निशुल्क किताब-कॉपियां देकर दिया गया गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का संदेश।
सरकारी स्कूलों पर बढ़ता भरोसा, लच्छीवाला में प्रवेशोत्सव के तहत 19 बच्चों का नामांकन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लच्छीवाला स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय लच्छीवाला एवं राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय लच्छीवाला में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साह, उल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में नामांकन को प्रोत्साहित करना तथा अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण और समग्र शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रवेशोत्सव के दौरान कक्षा 1 से कक्षा 8 तक कुल 19 बच्चों ने विद्यालय में नवप्रवेश लिया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। साथ ही बच्चों को निशुल्क किताबें और कॉपियां प्रदान की गईं, जिससे अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों के अभिभावकों को सम्मानित कर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम नेगी ने कहा कि आज सरकारी विद्यालय संसाधनों, योग्य शिक्षकों और शैक्षिक गुणवत्ता के मामले में किसी से पीछे नहीं हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकारी विद्यालयों को प्राथमिकता दें।
प्रधानाचार्य जगतश्वरी बहुगुणा ने बताया कि कक्षा 6 से 8 तक 12 बच्चों ने नवप्रवेश लिया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का सतत प्रयास है कि बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण, अनुशासन और संस्कार प्रदान किए जाएं, ताकि वे आगे चलकर समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
प्रधानाध्यापक छत्रपाल ने जानकारी दी कि कक्षा 1 से 5 तक 7 बच्चों का नामांकन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर दी गई मजबूत और संस्कारयुक्त शिक्षा ही बच्चों की आगे की सफलता की ठोस नींव होती है।
इस मौके पर प्रतिभा बिष्ट, अमित गुप्ता, रंभा सावन विनोद प्रसाद गोस्वामी, तारेश्वरी, अल्पना राज आदि के अलावा अभिभावकगण मौजूद रहे I



