कंक्रीट मिक्सर वाहनों की लापरवाही से लच्छीवाला पुल पर खतरे की सड़क, (करीब 100 मीटर तक फिसलन, बारिश में हालात और भयावह; दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा प्रभावित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लच्छीवाला पुल पर रेडीमेड कंक्रीट मिक्सर वाहनों की लापरवाही आम लोगों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। दिनभर मिक्सर ट्रकों की आवाजाही के दौरान पुल की सतह पर रेडीमेड बना हुआ कंक्रीट गिरकर फैल जाता है, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो जाती है। पुल के दोनों ओर लगभग 100 मीटर तक फैले इस मटेरियल के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और घायल होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश या नमी के समय हालात और भी बदतर हो जाते हैं। कई बार बाइक और स्कूटी सवार संतुलन खोते नजर आते हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
सामाजिक कार्यकर्ता रामनिवास अग्रवाल ने कहा कि पुल पर लगातार गिर रहा कंक्रीट मिक्सर मटेरियल बेहद खतरनाक स्थिति पैदा कर रहा है। आए दिन लोग फिसलने से बचते दिखाई देते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
सभासद रीना कोठारी ने बताया कि पुल पर कंक्रीट मिक्सर मटेरियल गिरने से रोज फिसलन बनी रहती है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। उन्होंने सड़क की नियमित सफाई कराए जाने की मांग की।
सभासद मनीष धीमान ने कहा कि सड़क पर फैले कंक्रीट के कारण हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने मिक्सर वाहनों पर नियंत्रण और समयबद्ध सफाई व्यवस्था लागू करने की जरूरत बताई।
पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पुल पर फिसलन को लेकर शिकायतें मिली हैं। सड़क पर फैले कंक्रीट मिक्सर मटेरियल की जल्द सफाई कराई जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए मिक्सर वाहनों की निगरानी भी की जाएगी I
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।



