पंचायत प्रतिनिधियों को मिला सीपीआर का प्रशिक्षण, (डोईवाला सभागार में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, आपात स्थिति में जान बचाने के बताए गए तरीके)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पंचायत पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता देने के उद्देश्य से ग्रामीण विकास संस्थान हिमालयन हॉस्पिटल ट्रस्ट की ओर से डोईवाला सभागार में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने की।
कार्यक्रम में हिमालय इंस्टिट्यूट जौलीग्रांट के ग्रामीण विकास संस्थान के कोऑर्डिनेटर सुनील कंडारी ने आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना अथवा अचानक हार्ट अटैक जैसी परिस्थितियों में पीड़ित व्यक्ति को प्राथमिक सहायता देने के तरीकों की जानकारी दी। इस दौरान सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की व्यावहारिक ट्रेनिंग भी कराई गई। उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति में तत्काल 108 पर कॉल कर सही विधि से सीपीआर देकर मरीज की जान बचाई जा सकती है।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और आमजन को सीपीआर जैसी जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण मिलना बेहद जरूरी है। समय पर दी गई प्राथमिक सहायता से कई जानें बचाई जा सकती हैं।
खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी हैं। इससे पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ती है और वे आपात स्थितियों में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
प्रशिक्षण में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं और आमजन मौजूद रहे।



