Blog

रामगंगा में बाढ़ से निपटने की तैयारी परखी, एसडीआरएफ –प्रशासन का संयुक्त मॉक ड्रिल सफल (मानसून से पहले बरेली में फ्लड रेस्क्यू अभ्यास, बहु-विभागीय समन्वय और आधुनिक तकनीकों का प्रभावी प्रदर्शन)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
आगामी मानसून सत्र एवं संभावित बाढ़ आपदाओं के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशन में जिला प्रशासन बरेली द्वारा रामगंगा नदी में व्यापक फ्लड रेस्क्यू मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस संयुक्त अभ्यास में SDRF उत्तराखण्ड, तहसील प्रशासन, राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश पुलिस, फायर सर्विस, मेडिकल विभाग तथा आपदा मित्रों ने सहभागिता करते हुए उत्कृष्ट समन्वय का परिचय दिया। अभ्यास का उद्देश्य विभागों के बीच तालमेल को सुदृढ़ करना, संसाधनों की कार्यक्षमता परखना और वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित राहत-बचाव सुनिश्चित करना रहा।

मॉक परिदृश्य के अनुसार रामगंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने से लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही स्टेजिंग एरिया बरेली से एसडीआरएफ उत्तराखण्ड की टीम निरीक्षक अर्जुन सिंह के नेतृत्व में बोट, राफ्ट, क्याक सहित आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार टीम ने तहसील व राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस ने सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण संभाला, फायर सर्विस व आपदा मित्रों ने सहयोग दिया, जबकि मेडिकल टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार व एम्बुलेंस की व्यवस्था की।

अभ्यास के दौरान बोट से 02, राफ्ट से 02, डग्गी से 01, क्याक से 01 तथा तैराकी तकनीक से 01 व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर मेडिकल टीम तक पहुंचाया गया। पूरे अभ्यास में त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों का प्रभावी उपयोग और विभागीय समन्वय का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अधिकारियों ने एसडीआरएफ उत्तराखण्ड की व्यावसायिक दक्षता व अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे बहु-विभागीय अभ्यास आपदाओं में जनहानि कम करने और राहत-बचाव को अधिक प्रभावी बनाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button