सरकारी भूमि पर भूमाफियाओं की पैनी नजर, तेलीवाला में ग्रामीणों की सतर्कता से बचा खेल मैदान। (वार्ड 15 के 12 बीघा खेल मैदान पर कब्जे की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने हटाई खनन सामग्री, एसडीएम व नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर क्षेत्र में सरकारी भूमि और सार्वजनिक उपयोग के स्थलों पर भूमाफियाओं की पैनी नजर का एक और मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 15 तेलीवाला स्थित करीब 12 बीघा क्षेत्रफल वाले वर्षों पुराने खेल मैदान पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जे का प्रयास किया गया। सूचना मिलते ही वार्ड के नगरवासी मौके पर पहुंचे और मैदान में डाली गई खनन सामग्री को हटवाकर कब्जे की कोशिश को नाकाम कर दिया।
पालिका के वार्ड सभासद रियासत अली के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने उप जिलाधिकारी कार्यालय और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई, खेल मैदान की भूमि का सीमांकन कराने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
सभासद रियासत अली ने बताया कि यह 12 बीघा का खेल मैदान लंबे समय से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के खेलकूद का प्रमुख केंद्र रहा है। नगर पालिका द्वारा यहां पूर्व में कराए गए पौधारोपण को कुछ दिन पहले असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। उनका आरोप है कि पहले प्लांटेशन को नुकसान पहुंचाया गया और बाद में सुनियोजित तरीके से मैदान पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। उन्होंने शासन-प्रशासन से भूमाफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और मैदान की सुरक्षा के लिए चहार दीवारी निर्माण की मांग की।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहम्मद अकरम ने कहा कि नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किए गए हैं। प्रशासन को चाहिए कि सभी सरकारी भूमि को चिन्हित कर उनका सीमांकन कराया जाए और जहां-जहां अवैध कब्जे हैं, उन्हें बिना किसी भेदभाव के हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति आम जनता की धरोहर है और इसकी रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि सार्वजनिक संपत्ति को किसी भी प्रकार का नुकसान न हो।
ज्ञापन देने वालों में अनीश, अयाह, शौकीन, समीर, फरीद, सद्दाम, उस्मान, शाहीद, अभिषेक आदि ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे।



