Blog

(10 दिन के मासूम को मिला नया जीवन: असलम खान ने जन्मदिन पर किया 56 वां एसडीपी महादान)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मानवता की सेवा के लिए समर्पित एक मदद ब्लड ग्रुप समिति, डोईवाला के सक्रिय रक्तदाता असलम खान ने अपने जन्मदिन के अवसर पर एक बार फिर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक नवजात मासूम की जान बचाने के लिए अपना 56वां एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) दान किया।
हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट में भर्ती मात्र 10 दिन के मासूम बच्चे (बेबी ऑफ तंजीम निवासी हरिद्वार) की प्लेटलेट्स काउंट अचानक गिरकर लगभग 30 हजार रह गई थी। चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल ए पॉजिटिव एसडीपी (SDP) की आवश्यकता बताई। सूचना मिलते ही हिमालयन ब्लड बैंक एवं परिजनों ने एक मदद ब्लड ग्रुप समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन से संपर्क किया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए साकिर हुसैन ने तुरंत समिति के सक्रिय रक्तदाता असलम खान से संपर्क किया। असलम खान ने बिना किसी देर के अपने सभी निजी कार्य छोड़ दिए और लगभग 25 किलोमीटर की दूरी तय कर हिमालयन हॉस्पिटल पहुंचे। आवश्यक चिकित्सकीय जांच में उपयुक्त डोनर पाए जाने के बाद उन्होंने करीब तीन घंटे ब्लड बैंक में रहकर निस्वार्थ भाव से एसडीपी दान किया, जिससे मासूम बच्चे के उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
इस सेवा कार्य को और भी विशेष बनाता है कि असलम खान के जुड़वां (ट्विन) बच्चों का जन्मदिन भी उसी दिन था। परिवार के साथ खुशियां मनाने के बजाय उन्होंने एक अनजान मासूम की जिंदगी बचाने को प्राथमिकता दी और अस्पताल पहुंचकर मानवता की मिसाल पेश की।
समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन ने असलम खान के इस सराहनीय कार्य के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार जरूरतमंदों की सहायता करते रहेंगे।
इस अवसर पर समिति के मुख्य सचिव आसिफ हसन एवं कोषाध्यक्ष शादाब हसन भी ब्लड बैंक में उपस्थित रहे तथा रक्तदाता का उत्साहवर्धन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button