Blog

मीना राणा के गीतों पर थिरकीं महिलाएं, मीनाक्षी बिष्ट बनीं ‘सावन क्वीन–2026। (मातृशक्ति अठूरवाला के सावन सेलिब्रेशन में दिखे संस्कृति, उल्लास और महिला प्रतिभा के रंग)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मातृशक्ति अठूरवाला द्वारा गणपति गार्डन, भानियावाला में आयोजित ‘सावन सेलिब्रेशन एवं तीज उत्सव–2026’ महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाओं एवं किशोरियों ने प्रतिभाग कर सावन और तीज के उल्लास को साझा किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की प्रसिद्ध स्वर कोकिला मीना राणा की विशेष उपस्थिति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। मीना राणा ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि कार्यक्रम में उपस्थित महिलाएं उनके गीतों पर जमकर थिरकीं। सावन की उमंग और उत्तराखंडी लोकसंगीत के रंग ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने मातृशक्ति अठूरवाला के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं एवं पर्वों को जीवंत बनाए रखने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।
महिलाओं द्वारा समूह नृत्य, गढ़वाली काव्य पाठ और हास्य प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ मेहंदी प्रतियोगिता तथा विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। महिलाओं ने सभी गतिविधियों में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सावन क्वीन–2026’ प्रतियोगिता रही, जिसमें मीनाक्षी बिष्ट ‘सावन क्वीन–2026’ चुनी गईं। अम्बिका रावत फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि अंजू जोशी एवं रक्षा पंत संयुक्त रूप से सेकंड रनर-अप रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में ऋतु डबराल विजेता रहीं। वहीं महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता में अन्नू रावत की टीम ने जीत हासिल की।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. ममता कुंवर ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच कुछ समय स्वयं के लिए निकाल सकें, अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त कर सकें और अपनी लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ते हुए एक-दूसरे की ताकत बन सकें। उन्होंने आयोजन में महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, नगर पालिका डोईवाला के सभासदगण, ईश्वर रौथाण, संदीप नेगी, डॉ. कल्पना राणा, प्रदीप नेगी, राजन गोयल,रणजीत गुसाईं, पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल, पूर्व प्रधान मंजू चमोली, बेताल सिंह, सुमेर नेगी, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष चंद्रवल्लभ लखेड़ा एवं संजय चमोली, राजेश कुंवर सहित अनेक गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति की शोभा गुसाईं, सुमन गुसाईं, मधु डोभाल, बबीता पंत, मीनाक्षी बिष्ट, राजबाला डोभाल, आरती गुसाईं, अन्नू रावत, शिवानी चमोली, रूपाली नौटियाल, सीमा सेमवाल, रक्षा पंत, अम्बिका रावत, कविता, रीता नेगी, नीलम नेगी, कोमल देवी, ममता जोशी, ममता रावत, कमला ममगाईं, अंजु जोशी, ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का मंच संचालन बबीता पंत, रीता नेगी एवं सुमन गुसाईं ने संयुक्त रूप से किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button