सिंचाई नहर पर कब्जे की कोशिश, ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रोका। (रोक के निर्देश के बावजूद 50 फीट नहर पर लोहे के पल्ले लगाने का आरोप)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
माजरी ग्रांट के खादर मोहल्ला, वार्ड 13 में सिंचाई नहर पर अतिक्रमण की कोशिश को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जल योजना कमेटी के अध्यक्ष दयाराम पाल की सह पर खेमचंद पुत्र साधुराम द्वारा घर के पीछे से गुजर रही करीब 50 फीट सिंचाई नहर पर लोहे के बड़े-बड़े पल्ले लगाकर अतिक्रमण करने की कोशिश का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के विरोध के बाद मौके पर निर्माण का प्रयास सफल नहीं हो सका।
ग्रामीणों के अनुसार नहर पर अतिक्रमण के मामले की जानकारी पहले ही एसडीएम अपर्णा ढोडियाल और तहसीलदार बिरम सिंह को दी जा चुकी है। अधिकारियों की ओर से जांच पूरी होने तक नहर पर किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद करीब 50 फीट हिस्से में लोहे के पल्ले लगाकर नहर को कब्जे में लेने का प्रयास किए जाने का आरोप है।
किसान सरबजीत ने कहा कि एक घर को केवल एक ही पुलिया मिलेगी। इसके बाद दूसरी पुलिया नहीं बनाई जाएगी। सिंचाई नहर पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह ने कहा कि सिंचाई नहर सार्वजनिक उपयोग के लिए है। नहर पर जबरन निर्माण कर रास्ते या पानी के प्रवाह को बाधित करने की कोशिश ग्रामीणों के हितों के खिलाफ है। जांच पूरी होने तक नहर पर किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं होना चाहिए।
इस दौरान मानसिंह हरपाल सिंह सुशील अग्रवाल सौरव पाल सतपाल आदि के अलावा जल योजना कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।



