खेलों से जुड़कर आगे बढ़ें युवा । बृजभूषण गैरोला (सुंदरगांव में विधायक चैंपियन ट्रॉफी का शुभारंभ, दो दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न स्पर्धाएं हुईं)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
युवा कल्याण विभाग डोईवाला के तत्वावधान में खेल महाकुंभ उत्तराखंड मुख्यमंत्री ट्रॉफी के अंतर्गत विधायक चैंपियन ट्रॉफी 2026-27 का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुंदरगांव के खेल मैदान में किया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन शुक्रवार को विधायक बृजभूषण गैरोला ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में न्याय पंचायत मारखम ग्रांट, रानीपोखरी, भानियावाला और थानो के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा मुर्गा झपट, गोला फेंक, लंबी कूद और 600 मीटर दौड़ की स्पर्धाएं भी हुईं।
मारखम ग्रांट के खिलाड़ियों का विभिन्न टीम स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं भानियावाला, रानीपोखरी और थानो के खिलाड़ियों ने भी अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने गोला फेंक, लंबी कूद और 600 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा दिखाई।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने खिलाड़ियों से खेलों से जुड़ने और प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी सोनम गुप्ता, युवा कल्याण अधिकारी संदीप वर्मा, सभासद ईश्वर रोथान, सभासद प्रदीप नेगी जेटली, अंकित काला, प्रधानाचार्य ज्योत्सना रावत, रविंद्र सैनी दीपेश आदि मौजूद रहे I



