छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी, 29 सितंबर को होगा मतदान। (23 सितंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री, 24 को नामांकन; 26 सितंबर को वैध प्रत्याशियों की सूची होगी जारी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 का बिगुल बज गया है। महाविद्यालय प्रशासन ने मंगलवार को चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ पंकज पांडे ने बताया कि 29 सितंबर को मतदान होगा और इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। 24 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 26 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है। इसी दिन दोपहर 12:30 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और शाम चार बजे वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
29 सितंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ पंकज पांडे ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने सभी प्रत्याशियों और छात्र-छात्राओं से महाविद्यालय के नियमों और चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदान और मतगणना को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।



