एकता और अखंडता के संदेश से जुड़ा डोईवाला, कोतवाली में देखा पीएम मोदी का कार्यक्रम। (एलईडी स्क्रीन पर गुजरात से हुआ सीधा प्रसारण, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर डोईवाला कोतवाली में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देखने को मिला। गुजरात में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का कोतवाली परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने एक साथ बैठकर कार्यक्रम देखा। इस मौके पर स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस के जवानों ने बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित प्रधानमंत्री के संबोधन के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार पटेल के व्यक्तित्व, उनके ऐतिहासिक योगदान और देश को एक सूत्र में पिरोने के उनके प्रयासों से परिचित होने का अवसर मिला। आयोजन के दौरान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश प्रमुखता से सामने आया।
कोतवाली प्रभारी राकेश गुसांईं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता की मिसाल है। युवाओं और विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
व्यापारी एवं समाजसेवी ईश्वर चंद अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश को एकता के सूत्र में बांधा। उनकी जयंती पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हैं।
इस दौरान कोतवाल राकेश गुसाई, एसएसआई सचिन पुंडीर, एस आई ईश्वर सैनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश वासन, सुबोध जिंदल, अमित कुमार, विनय जिंदल, पवन सिंघल, सुरेंद्र बाली, कुसुम, पूनम देवी,राममूर्ति,राजू गुरुंग,रहमान, बॉबी नारंग, शिव प्रकाश सती, कौशांबी बहुगुणा,सुधीर सैनी, बीर सिंह आदि के अलावा स्टाफ मौजूद रहे।



