गृह मंत्री के दौरे का असर, धनतेरस पर बंद रहीं पटाखों की दुकानें। (भानियावाला में त्योहार के दिन दुकानें बंद कराने पर व्यापारियों ने उठाए सवाल, आर्थिक नुकसान की कही बात)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
धनतेरस के त्योहार पर भानियावाला में पटाखों की दुकानें बंद कराए जाने से व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे को देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने पटाखों की दुकानें बंद करा दीं। त्योहार के प्रमुख दिन दुकानें बंद रहने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
कार्रवाई से नाराज व्यापारियों ने सवाल उठाया कि जब गृह मंत्री का आवागमन हवाई मार्ग से हो रहा है तो भानियावाला बाजार में पटाखों की दुकानें बंद कराने का क्या औचित्य है। व्यापारियों का कहना था कि धनतेरस पर दुकानें बंद रहने से उनके कारोबार पर सीधा असर पड़ा है।
कांग्रेस नेता गौरव चौधरी ने कहा कि त्योहार के दिन व्यापारियों की दुकानें बंद कराना उचित नहीं है। इससे छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित हुई है। प्रशासन को व्यापारियों के हितों का भी ध्यान रखना चाहिए।
कांग्रेस नेता मोहित उनियाल ने कहा कि धनतेरस जैसे बड़े त्योहार पर दुकानें बंद कराना दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। त्योहार पर व्यापारियों को नुकसान पहुंचाना उनके हितों के साथ खिलवाड़ है।
कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल ने कहा कि त्योहार के दिन दुकानें बंद कराकर व्यापारियों की रोजी-रोटी पर चोट की गई है। इससे जनता और व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ी है।
डोईवाला कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर ने बताया कि गृह मंत्री की सुरक्षा को देखते हुए पटाखों की दुकानें बंद कराई गई थीं। पटाखों में बारूद होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर गृह मंत्री के आने और जाने तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए थे।



