आयुर्वेद दिवस पखवाड़े का जागरूकता रैली से आगाज। ‘(भविष्य के लिए आयुर्वेद’ थीम पर 23 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
आगामी 23 सितंबर को राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाने वाले 11वें आयुर्वेद दिवस की पूर्व संध्या पर हिमालयीय आयुर्वेदिक पीजी मेडिकल कॉलेज में आयुर्वेद दिवस पखवाड़े का शुभारंभ आयुर्वेद जागरूकता रैली के साथ किया गया।
स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग की ओर से आयोजित रैली में संस्था के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ ने
प्रतिभाग किया।
रैली का शुभारंभ स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के कुलसचिव अरविंद अरोड़ा और विभागाध्यक्ष प्रोफेसर निशांत राय जैन ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली स्थानीय मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने आयुर्वेद से जुड़े नारों का उद्घोष करते हुए लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के महत्व और उपयोगिता के प्रति जागरूक किया।
संस्था के प्रभारी प्राचार्य डॉ. निशांत राय जैन ने बताया कि आयुर्वेद दिवस की थीम ‘भविष्य के लिए आयुर्वेद’ रखी गई है। इसके तहत 23 सितंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें चिकित्सा शिविर, स्वच्छता अभियान, योग शिविर, वाद-विवाद प्रतियोगिता, आयुर्वेद आधारित आहार व्यंजनों की प्रदर्शनी और पौधरोपण सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव बालकृष्ण चमोली, परिसर निदेशक प्रदीप कोठियाल और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रवि जोशी सहित अन्य मौजूद रहे। रैली के सफल आयोजन में डॉ. भाग्यलक्ष्मी, राजेश कुंवर, निशांत कुमार, नवीन पोखरियाल, प्रकाश, जितेंद्र, राकेश, शैफाली, उषा, मनीषा, हरीश नवानी, प्रताप सिंह नेगी और अनुज गर्ग का विशेष सहयोग रहा।



