Blog
एयरपोर्ट मार्ग पर रोशनी नदारद, वन्यजीवों और राहगीरों की जान जोखिम में। (स्ट्रीट लाइटों के अभाव में रात को छाया रहता है अंधेरा, सामाजिक कार्यकर्ता विनीत मनवाल ने की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग)

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भानियावाला-रानीपोखरी मार्ग से एयरपोर्ट की ओर जाने वाले रास्ते पर रात के समय अंधेरा पसरा रहता है। मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जंगल से सटे इस मार्ग पर वन्यजीवों के अचानक सड़क पर आने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
सामाजिक कार्यकर्ता विनीत मनवाल ने कहा कि एयरपोर्ट जाने वाले इस मार्ग पर रात के समय रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था न होना चिंता का विषय है। अंधेरे के कारण वाहन चालकों को सड़क पर चल रहे वन्यजीव दिखाई नहीं देते, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित विभाग से मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाने और रात के समय प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



