पटाखे बेचने से पहले लाइसेंस जरूरी, निरीक्षण के दौरान तीन हजार रुपये के चालान। (डोईवाला और भानियावाला में संयुक्त टीम ने किया दुकानों का निरीक्षण, दुकानदारों को सुरक्षा नियमों के प्रति किया जागरूक)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दीपावली पर सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए तहसील प्रशासन, अग्निशमन विभाग, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने डोईवाला और भानियावाला में पटाखों की कई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन हजार रुपये के चालान किए गए। टीम ने दुकानों पर लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर दुकानदारों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार विरम सिंह ने कहा कि बिना लाइसेंस कोई भी दुकानदार पटाखे नहीं बेच सकेगा। उन्होंने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने और नियमों के अनुसार ही पटाखे बेचने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ सुरक्षित दीपावली के लिए लोगों को जागरूक करना भी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अग्निशमन विभाग के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह बिष्ट, डोईवाला कोतवाली उपनिरीक्षक ईश्वर सैनी, नगर पालिका के मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत के अलावा कविंदर, सोहन आदि मौजूद रहे।



