डोईवाला में पेयजल योजना और रानीपोखरी में विधि विश्वविद्यालय का मामला उठा। (विधायक बृजभूषण गैरोला के सवालों पर पेयजल और उच्च शिक्षा विभाग ने दिया जवाब)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और रानीपोखरी में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के भवन निर्माण का मामला विधानसभा में उठा। विधायक बृजभूषण गैरोला की ओर से उठाए गए दोनों मामलों में संबंधित विभागों ने जवाब दिया है। डोईवाला में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 283.56 करोड़ रुपये की योजना का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है, जबकि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के भवन निर्माण के लिए संबंधित विभागों के साथ बैठक कर प्रस्ताव मंत्रिमंडल के समक्ष रखने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पेयजल विभाग के अनुसार, डोईवाला नगर पालिका परिषद के सभी 20 वार्डों में वर्तमान में करीब 93 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की दर से जलापूर्ति की जा रही है। मानक के अनुसार 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पेयजल उपलब्ध कराने के लिए डोईवाला पेयजल योजना का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत 283.56 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर योजना पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, रानीपोखरी में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के भवन निर्माण के संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने बताया कि इस प्रकरण पर सात अगस्त 2026 को मंत्रिमंडल की बैठक में निर्देश दिए गए थे। इसके तहत सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक कर मामले का परीक्षण करने के लिए मुख्य सचिव को अधिकृत किया गया है। संबंधित विभाग बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर युक्तियुक्त प्रस्ताव मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



