डोईवाला में कांग्रेस की न्याय यात्रा से गरजी सियासत, दिग्गज नेताओं ने भरी हुंकार (प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल और हरीश रावत ने जनसभा में उठाए जनहित के मुद्दे, गौरव चौधरी और सुखविंदर कौर ने भी रखी जनता की आवाज)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शुक्रवार को डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में उत्तराखंड न्याय यात्रा निकाली गई। कांग्रेस की इस यात्रा में पार्टी के दिग्गज नेताओं से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं तक ने बड़ी भागीदारी की। यात्रा के माध्यम से कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के साथ अपनी राजनीतिक ताकत और संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन किया।
कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में यात्रा डोईवाला विकासखंड परिसर से शुरू हुई। यहां से डोईवाला चौक, शुगर मिल रोड और प्रेमनगर बाजार होते हुए दूधली रोड स्थित वेडिंग पॉइंट पहुंची। यहां आयोजित जनसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की राजनीति, जनहित के मुद्दों और आम जनता की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड न्याय यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना और आमजन की आवाज सरकार तक पहुंचाना है। कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता, विकास और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जनहित के मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को लेकर निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और प्रदेश महासचिव अश्विनी बहुगुणा ने कहा कि डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बनाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं, अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी लगातार संघर्ष करती रहेगी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ जनता के बीच रहकर उनकी आवाज उठाना प्राथमिकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर और डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास, महिलाओं का सम्मान, युवाओं का भविष्य और आम जनता की समस्याएं प्राथमिकता में होनी चाहिए। जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना समय की आवश्यकता है।
न्याय यात्रा में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महासचिव अश्विनी बहुगुणा, नीरज त्यागी, कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित, डोईवाला नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश सचिव सागर मनवाल, प्रमोद कपरवान शास्त्री, मधुसूदन सुंद्रियाल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष प्रकाश नेगी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी, सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन, एससी विभाग जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद, सभासद गौरव मल्होत्रा, अमित सिंह, मंडलम अध्यक्ष तेजपाल सिंह मोंटी, साजिद अली, राजेंद्र बिष्ट, मोहित कपरवान, शार्दूल नेगी, राहुल सैनी, स्वतंत्र बिष्ट, आरिफ अली, रेखा कांडपाल सती, अफसाना अंसारी, रश्मि देवराड़ी, आशिक अली, बाबूलाल राणा, मनीष उपाध्याय, पूर्व सभासद भारत भूषण पेले, विमल गोला, हाजी मीर हसन और अमित सैनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी परवादून की ओर से कार्यक्रम में शामिल सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया।



