जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत सुरक्षा का अभ्यास, आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन, (अग्निशमन सेवा सप्ताह, कर्मचारियों और हितधारकों को आग से बचाव व त्वरित प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से देहरादून विमानपत्तन पर 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। यह सप्ताह वर्ष 1944 में बॉम्बे डॉक विस्फोट के दौरान शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में प्रतिवर्ष मनाया जाता है।
अग्निशमन सेवा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य आग से होने वाले हादसों की रोकथाम, सुरक्षा उपायों की जानकारी देना और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित व प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए लोगों को तैयार करना है। इसी क्रम में शुक्रवार को एयरपोर्ट परिसर में अग्निशमन उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन दल ने आधुनिक अग्निशमन वाहनों, उपकरणों और नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया। साथ ही आग लगने की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और बचाव कार्यों की प्रक्रिया को भी समझाया गया। विभिन्न एयरलाइंस के कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को अग्नि सुरक्षा के नियमों, सावधानियों और आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
विमानपत्तन निदेशक बी. सी. एच. नेगी ने कहा कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्निशमन सेवा सप्ताह जैसे कार्यक्रम सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि सप्ताह भर जागरूकता, प्रशिक्षण और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर संयुक्त महाप्रबंधक प्रचालन नितिन कादियान, प्रबंधक प्रचालन ऋषभ भारद्वाज, सहायक प्रबंधक अग्निशमन उर्बादत्त भट्ट, दिलीप सहित अमित मीणा, सुनील सोलंकी और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



