डोईवाला के बाजारों में अतिक्रमण पर चला नगर पालिका का डंडा। (फुटपाथ खाली कराने को उतरी टीम, दुकानदारों को दी सख्त हिदायत)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर के मुख्य बाजारों में फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका ने सोमवार से अभियान शुरू कर दिया है। नगर पालिका की टीम ने बाजारों में पहुंचकर फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। साथ ही दुकानदारों और अन्य लोगों को फुटपाथ खाली रखने की हिदायत दी गई।
अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने बताया कि फुटपाथ को पूरी तरह खाली कराने के लिए नगर पालिका टीम की ओर से मौके पर अनाउंसमेंट और प्रचार-प्रसार भी किया गया। लोगों से फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का सामान रखकर आमजन के आवागमन में बाधा नहीं डालने की अपील की गई।
मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने कहा कि फुटपाथ आमजन के आवागमन के लिए हैं। नगर पालिका का उद्देश्य बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने के साथ फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त करना है। लोगों को जागरूक करने के बाद भी यदि दोबारा फुटपाथ पर अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में सफाई निरीक्षक संकेत कुमार, सुपरवाइजर सुरेंद्र नीरज समेत नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



