पेंशन की दिक्कतें दूर करने डोईवाला में लगा विशेष शिविर, 200 लाभार्थियों को मिली राहत। (खाते और दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान, पोस्ट ऑफिस में खोले गए नए खाते)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को डोईवाला ब्लॉक परिसर में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 200 लाभार्थियों की पेंशन से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
पेंशन की राशि अब डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। ऐसे में कई लाभार्थियों को खाते, दस्तावेज और भुगतान से संबंधित दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शिविर में इन समस्याओं को दूर करने के साथ ही पोस्ट ऑफिस में नए खाते भी खोले गए, जिससे पात्र लाभार्थियों को पेंशन सीधे उनके खातों में मिल सके।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने शिविर का निरीक्षण करते हुए कहा कि वृद्ध, दिव्यांग और विधवा पेंशन समाज के कमजोर वर्गों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। कई लाभार्थी पेंशन नहीं मिलने के कारण परेशान थे। शिविर के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान होने से उन्हें राहत मिली है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।
समाज कल्याण अधिकारी सुनील रावत ने बताया कि जिन लाभार्थियों के दस्तावेज या बैंक खाते में कमी थी, उन्हें मौके पर ही दुरुस्त किया गया। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को हर महीने समय पर पेंशन मिले। भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे।


